ठूठीबारी में भक्ति और उल्लास के बीच संपन्न हुआ छठ महापर्व, सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली

Nov 15, 2026 - 20:32
Nov 15, 2026 - 20:46
 0
ठूठीबारी में भक्ति और उल्लास के बीच संपन्न हुआ छठ महापर्व, सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली

ग्राम प्रधान अजीत कुमार की देखरेख में आकर्षक ढंग से सजाया गया छठ घाट, सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रही पुलिस 

छेदीलाल गुप्ता, ठूठीबारी / महराजगंज। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ रविवार को ठूठीबारी में पूरे भक्तिभाव और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान चंदन घाट समेत विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की आराधना की तथा परिवार की सुख-शांति, आरोग्यता और समृद्धि की मंगलकामना की।

पर्व को लेकर सुबह से ही घाटों पर तैयारियां और श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। शाम ढलते ही छठ गीतों की मधुर गूंज और दीपों की रोशनी से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं व्रती महिलाओं ने कठिन व्रत की परंपरा का निर्वहन करते हुए पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ सूर्य देव को अर्घ्य दिया।

ग्राम प्रधान की देखरेख में हुई बेहतर व्यवस्था 

छठ महापर्व के मद्देनजर ग्राम प्रधान अजीत कुमार की देखरेख में घाट की साफ-सफाई, सजावट और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को विशेष रूप से दुरुस्त कराया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट को आकर्षक स्वरूप दिया गया, जिससे व्रती महिलाओं और परिवारों को पूजा-अर्चना में सहूलियत मिली।

वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ लगातार सक्रिय रहे। पुलिस टीम ने घाट परिसर में निगरानी बनाए रखी, जिसके चलते पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष भवन प्रसाद गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद, ग्राम प्रधान अजीत कुमार, अवधेश कुमार मधेशिया, धर्मेंद्र मधेशिया, सनातन मधेशिया, अख्तर खान सहित ग्रामसभा के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

छठ महापर्व के आयोजन ने एक बार फिर ठूठीबारी में लोक संस्कृति, पारंपरिक आस्था और सामाजिक एकता की सुंदर तस्वीर पेश की।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र