छठ घाट जाने से पहले घर की सुरक्षा का रखें विशेष ध्यान, खाली मकानों पर चोरों की हो सकती है नजर
गौरीबाजार पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की
घनश्याम मणि त्रिपाठी, देवरिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और उल्लास का माहौल है। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित छठ घाटों पर पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में घरों के लंबे समय तक खाली रहने की आशंका को देखते हुए गौरीबाजार पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक मृत्युंजय राय ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि पर्व की खुशियों के बीच घरों की सुरक्षा को नजरअंदाज न करें। खाली मकानों को निशाना बनाकर असामाजिक तत्व चोरी की वारदात को अंजाम दे सकते हैं। इसलिए घाट पर रवाना होने से पहले सुरक्षा के जरूरी इंतजाम अवश्य कर लें।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि संभव हो तो घर पर किसी जिम्मेदार सदस्य या भरोसेमंद व्यक्ति को छोड़कर जाएं। घर के सभी दरवाजे और खिड़कियां अच्छी तरह बंद रखें। आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रखें। साथ ही पड़ोसियों को अपनी अनुपस्थिति की जानकारी देकर मकान पर नजर रखने का आग्रह करें।
थाना प्रभारी ने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता और आपसी सहयोग से चोरी जैसी घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से पुलिस की सलाह का पालन करने और आसपास के नागरिकों को भी जागरूक करने की अपील की।
पुलिस का संदेश: छठ महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाएं, लेकिन घर की सुरक्षा के प्रति भी पूरी जिम्मेदारी निभाएं।