अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन का शिकंजा, संयुक्त टीम की छापेमारी में ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
बैठवलिया गांव के सिवान में मिली मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर शुरू की विधिक कार्रवाई
छेदीलाल गुप्ता, निचलौल/ महराजगंज। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में रविवार को निचलौल पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम सभा बैठवलिया के सिवान में छापेमारी की। इस दौरान मिट्टी लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 15 नवंबर को मिली सूचना के आधार पर पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम ने बैठवलिया गांव में पहुंचकर जांच-पड़ताल की। मौके पर न्यू हॉलैंड 3032 ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी लदी हुई पाई गई।
बरामद वाहन का पंजीकरण नंबर UP 56 AH 0743 बताया गया है। संयुक्त टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने में दाखिल करा दिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज गुप्ता, कांस्टेबल रामआशीष यादव, कांस्टेबल विकास यादव तथा लेखपाल मनीष पटेल शामिल रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है।