पेड़ लगाओ, जल बचाओ और नशे को कहो अलविदा, जनजागरण यात्रा से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Nov 14, 2026 - 13:04
Nov 14, 2026 - 13:05
 0
पेड़ लगाओ, जल बचाओ और नशे को कहो अलविदा, जनजागरण यात्रा से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सोहगीबरवा से ठूठीबारी तक चला जागरूकता अभियान, विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर लोगों ने लिया हरित एवं नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प  

अमिट रेखा /छेदीलाल गुप्ता, ठूठीबारी/ महराजगंज। पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन और नशे के खिलाफ सामाजिक चेतना जगाने के उद्देश्य से निकाली जा रही पर्यावरण, जल संरक्षण एवं नशा उन्मूलन जनजागरण यात्रा-2026 क्षेत्र में लगातार जनसहभागिता का केंद्र बन रही है। यात्रा के तहत सोहगीबरवा से लेकर ठूठीबारी तक विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया गया।

अभियान की कड़ी में 12 नवंबर को सोहगीबरवा में पौधरोपण किया गया, जबकि 13 नवंबर को बैठवलिया, गड़ौरा बाजार, कड़जा, लोहरौली तथा सरस्वती शिशु मंदिर ठूठीबारी परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुए। इस दौरान अतिथियों और स्थानीय नागरिकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने, जल की बर्बादी रोकने, अधिकाधिक पौधे लगाने और रोपित पौधों की देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप देना जरूरी है। लगातार घटती हरियाली, जल संकट और नशे की बढ़ती सामाजिक समस्या के बीच सामूहिक जागरूकता ही बदलाव का मजबूत आधार बन सकती है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और सुरक्षित भविष्य की सौगात बन सकता है।

उल्लेखनीय है कि यह जनजागरण यात्रा 11 नवंबर से 16 नवंबर तक गोरखनाथ मंदिर, गोरखपुर से माधव टांडा, पीलीभीत तक आयोजित की जा रही है। यात्रा का आयोजन महामना मालवीय मिशन (अवध) एवं रूल ऑफ लॉ सोसाइटी, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में किया जा रहा है।

इस अवसर पर सीमा जागरण मंच के प्रांत अध्यक्ष जितेंद्र पाल सिंह, संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट अध्यक्ष अवध क्षेत्र, सोमेश वर्धन सिंह एडवोकेट अध्यक्ष रूल ऑफ लॉ सोसाइटी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री सीमा जागरण मंच सत्यदेव जी, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्त, रेंजर संजीव राय, डिप्टी रेंजर संतोष कुमार सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी, वन दरोगा एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अतिरिक्त आदित्य त्रिपाठी, संजय रौनियार, मोहन पटेल, दुष्यंत सिंह, सचिन्द्र सिंह, राजू मद्धेशिया, कृष्णमोहन रौनियार, केशव गोविंद राव, दुर्गभान गुप्ता और अम्बरीश तिवारी समेत बड़ी संख्या में लोगों ने अभियान में सहभागिता की।

जनजागरण यात्रा के माध्यम से क्षेत्रवासियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि नशे से दूरी, जल का संरक्षण और वृक्षों की सुरक्षा ही स्वस्थ समाज एवं सुरक्षित पर्यावरण की बुनियाद है। जनभागीदारी के बल पर ही हरित, स्वच्छ, स्वस्थ और नशामुक्त समाज के संकल्प को धरातल पर उतारा जा सकता है।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र