छठ महापर्व को लेकर चंदन घाट पर तैयारियां तेज, प्रशासक अजीत कुमार ने संभाली व्यवस्था की कमान

Nov 13, 2026 - 18:48
 0
छठ महापर्व को लेकर चंदन घाट पर तैयारियां तेज, प्रशासक अजीत कुमार ने संभाली व्यवस्था की कमान

अमिट रेखा / छेदीलाल गुप्ता, ठूठीबारी/ महराजगंज। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर पंचायत ठूठीबारी में तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए नगर पंचायत प्रशासन चंदन घाट को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने में जुटा हुआ है। घाट परिसर की साफ-सफाई से लेकर आवागमन के रास्तों को दुरुस्त करने तक का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

नगर पंचायत के प्रशासक अजीत कुमार स्वयं तैयारियों की कमान संभाले हुए हैं। वह मौके पर पहुंचकर सफाई अभियान और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उनके निर्देशन में कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

छठ पर्व की तिथियां नजदीक आने के साथ ही घाट पर रौनक बढ़ने लगी है। 15 नवंबर, रविवार की शाम व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी। वहीं 16 नवंबर, सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय कठिन व्रत का पारण होगा।

नगर पंचायत प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे चंदन घाट पर आस्था और श्रद्धा के साथ छठ महापर्व संपन्न हो सके।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र