जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय का किये औचक निरीक्षण

Nov 3, 2026 - 10:13
Nov 3, 2026 - 10:14
 0
जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय का किये औचक निरीक्षण

जिलाधिकारी ने एआरटीओ कार्यालय का

किये औचक निरीक्षण

कुशीनगर डीएम का दिखा सरल अंदाज,वाहन चलाने के बताए गुर

कर्मचारियों को दिए आवश्यक निर्देश,व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अमिट रेखा/रविन्द्रनगर,कुशीनगर

कुशीनगर एआरटीओ कार्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का सरल और सहज अंदाज देखने को मिला। निरीक्षण के बीच उन्होंने एक युवक से वाहन चलवाकर उसकी ड्राइविंग देखी और वाहन संचालन से जुड़े जरूरी गुर भी बताए। युवक की पीठ थपथपाकर जिलाधिकारी ने उसका उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी कुशीनगर ने सोमवार को एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आमजन से संबंधित कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से कार्यालय कर्मचारियों में भी हलचल रही। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यालय आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनके कार्यों का निस्तारण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ड्राइविंग लाइसेंस में संशोधन कराने आए एक युवक से ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर स्वयं दोपहिया वाहन चलवाकर उसकी ड्राइविंग दक्षता का परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने युवक से यातायात नियमों, हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग, इंडिकेटर के उचित उपयोग तथा वाहन के नियमित रखरखाव के संबंध में जानकारी ली और सुरक्षित वाहन संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने सारथी हॉल का निरीक्षण किया तथा लाइसेंस प्रक्रिया के तहत फोटो खिंचवा रहे आवेदकों से संवाद कर कार्यालय की कार्यप्रणाली एवं सुविधाओं के संबंध में उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त की। उन्होंने विभिन्न पटलों पर कार्यरत कर्मचारियों से लंबित प्रकरणों (पेंडेंसी) एवं उनके निस्तारण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। साथ ही आमजन से जुड़े कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पारदर्शी एवं सुगम तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) को कार्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि सभी शासकीय अभिलेखों एवं फाइलों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, जिससे प्रकरणों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो। कार्यालय परिसर में आमजन के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कार्यालय परिसर में दलालों एवं अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा इस संबंध में प्रभावी निगरानी रखने के भी सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), पवन कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।