बेटी की शादी की खुशियों पर चोरों का ग्रहण! कुशीनगर में 10 लाख से अधिक के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ, परिवार में मचा कोहराम
अमिट रेखा | कृष्णा यादव, तमकुहीराज/कुशीनगर।
कुशीनगर के तमकुहीराज थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। ग्राम सभा गाजीपुर के खोचा टोला निवासी मनोज कुशवाहा के घर से अज्ञात चोर बेटी की शादी के लिए खरीदकर रखे गए कीमती आभूषण, कपड़े और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव के लोगों में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात करीब 11 बजे अज्ञात चोरों ने मकान के पिछले हिस्से में बनी खिड़की के रास्ते घर में प्रवेश किया। इसके बाद शातिर चोरों ने बाहर निकलने वाले मुख्य दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया और घर के पिछले हिस्से का रास्ता खोलकर इत्मीनान से कमरों की तलाशी ली। चोरों ने घर में रखे कीमती आभूषण, शादी के लिए खरीदे गए कपड़े और नकदी समेट ली तथा पिछले रास्ते से फरार हो गए।
बताया जाता है कि मनोज कुशवाहा अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे थे। इसी उद्देश्य से उन्होंने काफी पहले आभूषण और कपड़ों की खरीदारी कर घर में सुरक्षित रखी थी। लेकिन चोरों ने शादी की खुशियों के बीच परिवार को ऐसा गहरा जख्म दिया, जिससे पूरा परिवार सदमे में है।
आधी रात को घर की महिलाओं की नींद खुली तो उन्होंने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद मिला। पीछे की खिड़की खुली देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। जब घर के कमरों की जांच की गई तो सामान बिखरा पड़ा था और कीमती जेवरात व नकदी गायब मिले। इसके बाद महिलाओं ने मोबाइल फोन से पड़ोसियों को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश कर स्थिति का जायजा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही रात में ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर दिए जाने की जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
इस बड़ी चोरी की वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लंबे समय बाद इलाके में इतनी बड़ी चोरी की घटना सामने आने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है।