घर के पास मगरमच्छ दिखने से मचा हड़कंप, दहशत में ग्रामीण
दिन पहले घाघर नहर में भी देखा गया था मगरमच्छ, वन विभाग की टीम को दी गई सूचना
अमिट रेखा | महेश चन्द्र द्विवेदी
ब्यूरो सोनभद्र
करमा (सोनभद्र)। करमा थाना क्षेत्र की बबूराही ग्राम पंचायत के अतरवां गांव में शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने एक मगरमच्छ को आबादी के बीच घर के समीप घूमते देखा। मगरमच्छ दिखाई देने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भी इसी मगरमच्छ को अतरवां गांव के समीप घाघर नहर में तैरते हुए देखा गया था। उस समय ग्रामीणों ने अनुमान लगाया था कि पानी के बहाव के साथ मगरमच्छ कहीं दूसरी जगह चला गया होगा। लेकिन शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे विकास पटेल के घर के पास स्थित एक छोटी बावली के किनारे मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई।
ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को मगरमच्छ से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी और वन विभाग की टीम को सूचना दी। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए मगरमच्छ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अब सभी को वन विभाग की टीम के पहुंचने और सुरक्षित रेस्क्यू की प्रतीक्षा है।
प्रत्यक्षदर्शी अमित पटेल और विकास के मुताबिक मगरमच्छ की लंबाई करीब पांच फीट से अधिक बताई जा रही है। आबादी के नजदीक मगरमच्छ की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। लोगों ने वन विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है।