अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रतियों ने की सूर्यदेव और देवी प्रत्यूषा की आराधना
रानी पोखरे पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, छठ गीतों से भक्तिमय हुआ वातावरण
अमिटरेखा/ कृष्णा यादव
तमकुही राज, कुशीनगर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार की शाम तमकुही राज स्थित रानी पोखरे पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर भगवान सूर्य और उनकी पत्नी देवी प्रत्यूषा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
शाम होते ही रानी पोखरे के छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। व्रती महिलाओं ने पूजा की वेदी सजाकर दीप प्रज्ज्वलित किए और गंगा मैया को समर्पित दीप जलाए। पारंपरिक छठ गीतों से पूरा घाट गूंज उठा। भक्ति गीतों और जयकारों के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु छठी मैया की आराधना में लीन नजर आए।
इस दौरान एक चिकित्सक दंपती की अनूठी आस्था भी आकर्षण का केंद्र रही। चिकित्सक दंपती ने भूमि पर दंडवत करते हुए घर से छठ घाट तक पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उनकी इस कठिन साधना और अटूट श्रद्धा को देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने सराहना की। कई श्रद्धालुओं ने इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया।
छठ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और आवागमन व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए तमकुहीराज थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे। पुलिसकर्मियों ने फ्लाईओवर के समीप व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवागमन पर नजर रखी।
रविवार को सायंकालीन अर्घ्य का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अब सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा संपन्न होगा।