1,146 नवचयनित कनिष्ठ सहायकों को मिला नियुक्ति-पत्र, 4,300 किसानों के खातों में पहुंचे 215 करोड़ रुपये
अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा राजस्व विभाग के लिए नवचयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। इसी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि का अंतरण किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है। प्रत्येक भर्ती परीक्षा का परिणाम निर्धारित समय में घोषित किया जा रहा है, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और उनके परिवारों के साथ संकट की हर घड़ी में खड़ी है। कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के माध्यम से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार अन्नदाताओं के परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के माध्यम से एक ओर युवाओं को सरकारी सेवा में नई जिम्मेदारी मिली, वहीं दूसरी ओर हजारों किसान परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।