छठ महापर्व को लेकर एक्शन मोड में योगी सरकार, घाटों पर सुरक्षा से लेकर सफाई तक पुख्ता इंतजाम के निर्देश
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा, बोले—श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में नहीं होनी चाहिए कोई चूक
अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : लखनऊ। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जनपदों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति में लोक आस्था, अनुशासन, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। 15 नवंबर की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को तथा 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख नदियों, तालाबों, जलाशयों और छठ घाटों का पहले से निरीक्षण कर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, शौचालय, संपर्क मार्ग और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जलाशयों की गहराई और जलस्तर का आकलन कर संवेदनशील स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग तथा चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही प्रशिक्षित गोताखोरों, नावों और जल पुलिस की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी योजना बनाने, जरूरत के अनुसार यातायात डायवर्जन लागू करने और वाहनों के लिए पार्किंग स्थल चिह्नित करने के निर्देश भी दिए।
पूर्वांचल के यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त बसों की सुविधा
छठ पर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पर्व के दौरान यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो।
स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की भी रहेगी निगरानी
मुख्यमंत्री ने घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा प्राथमिक उपचार शिविर, एम्बुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय पूजा समितियों, सिविल डिफेंस, एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों का सहयोग लेकर व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण करने और सभी तैयारियों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया। सरकार का उद्देश्य है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ पूजा-अर्चना कर सकें तथा पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।