संगठन में तीन दशक की तपस्या का मिला सम्मान, दुर्गा प्रसाद गुप्त को फिर सौंपी गई क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की कमान

Nov 13, 2026 - 18:41
 0
संगठन में तीन दशक की तपस्या का मिला सम्मान, दुर्गा प्रसाद गुप्त को फिर सौंपी गई क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की कमान

ABVP से शुरू हुआ सफर भाजपा के क्षेत्रीय नेतृत्व तक पहुंचा, बूथ अध्यक्ष से लेकर जिला अध्यक्ष और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष तक निभा चुके हैं कई अहम जिम्मेदारियां  

अमिट रेखा /छेदीलाल गुप्ता/ठूठीबारी, महराजगंज। संगठन के प्रति लंबे समय से समर्पण, सक्रियता और कार्यशैली का एक बार फिर सम्मान हुआ है। भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी निवासी दुर्गा प्रसाद गुप्त को भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा में पुनः गोरखपुर क्षेत्र का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी इस उपलब्धि को ठूठीबारी सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

स्वर्गीय रामप्रित के सुपुत्र दुर्गा प्रसाद गुप्त का राजनीतिक एवं संगठनात्मक सफर वर्ष 1992 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सदस्यता के साथ शुरू हुआ था। राजनीति शास्त्र में परास्नातक शिक्षा प्राप्त गुप्त ने सरस्वती शिशु मंदिर ठूठीबारी से प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की। साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का प्राथमिक शिक्षा वर्ग भी पूर्ण किया।

विद्यार्थी परिषद से मजबूत हुई संगठनात्मक पहचान  

वर्ष 1992 से 1997 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में कक्षा प्रमुख, कॉलेज प्रमुख, नगर प्रमुख और तहसील प्रमुख जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। उनकी संगठनात्मक सक्रियता को देखते हुए वर्ष 1997 से 2003 तक उन्हें महराजगंज जिले का जिला प्रमुख बनाया गया। इसके बाद वर्ष 2003 से 2006 तक काशी प्रांत की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य के रूप में जिम्मेदारी संभाली।

बूथ अध्यक्ष से भाजयुमो जिलाध्यक्ष तक बनाई पहचान 

भारतीय जनता पार्टी में वर्ष 1997 में बूथ संख्या एक के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी आगे बढ़ाई। वर्ष 1999 में ठूठीबारी के 33 बूथों के सेक्टर प्रमुख, 2002 में मंडल महामंत्री और 2005 में जिला कार्यसमिति सदस्य का दायित्व संभाला।

युवा मोर्चा में वर्ष 2012 से 2015 तक जिला महामंत्री तथा वर्ष 2016 से 2019 तक भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रहे। इसके बाद पिछड़ा वर्ग मोर्चा में क्षेत्रीय स्तर पर संगठन की जिम्मेदारी मिली। वर्ष 2020 से लगातार क्षेत्रीय उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय रहे और अब एक बार फिर इसी महत्वपूर्ण दायित्व पर उनका चयन किया गया है।

चुनावी रणनीति से लेकर संगठन विस्तार तक निभाई अहम भूमिका 

दुर्गा प्रसाद गुप्त का अनुभव केवल संगठनात्मक पदों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि चुनावी प्रबंधन और जनसंपर्क अभियानों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। वह सीमा जागरण मंच के ब्लॉक संयोजक तथा भाजपा के नौतनवा नगर मंडल प्रभारी भी रह चुके हैं।

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में खड्डा विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी के रूप में चुनावी गतिविधियों का संचालन किया। जून-जुलाई 2024 में भाजपा के 'मेरा बूथ सबसे मजबूत' अभियान के तहत मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित रानी लक्ष्मीबाई मंडल में अल्पकालिक विस्तारक की भूमिका निभाई।

इसके अलावा विकसित भारत संकल्प यात्रा के 45 दिवसीय अभियान में 90 ग्राम सभाओं में मुख्य वक्ता के रूप में सहभागिता की। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर जीर्णोद्धार अभियान में नगर प्रमुख का दायित्व संभाला। सिद्धार्थनगर में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला प्रभारी तथा कुशीनगर में भाजपा सदस्यता अभियान समिति के जिला प्रभारी के रूप में भी कार्य किया।

सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ाव 

राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के साथ वह सामाजिक जागरूकता के अभियानों में भी सक्रिय रहे हैं। जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और नशा उन्मूलन जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक करने का प्रयास करते रहे हैं। हाल ही में पर्यावरण, जल संरक्षण एवं नशा उन्मूलन जनजागरण यात्रा-2026 के अंतर्गत सोहगीबरवा, बैठवलिया, गड़ौरा बाजार, कड़जा, लोहरौली और ठूठीबारी में आयोजित पौधरोपण एवं जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

ठूठीबारी की धरती से क्षेत्रीय नेतृत्व तक का सफर 

हिमालय की तलहटी में भारत-नेपाल सीमा पर बसे ठूठीबारी से निकलकर क्षेत्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी तक पहुंचना दुर्गा प्रसाद गुप्त की लंबी संगठनात्मक यात्रा को दर्शाता है। उनके पुनः चयन से निचलौल, नौतनवा, सिसवा और आसपास के क्षेत्रों के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है।

दायित्व मिलने पर दुर्गा प्रसाद गुप्त ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। पिछड़े वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक सशक्तीकरण के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र