सठियांव धाम में श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ के मनमोहक दृश्य, भक्ति में डूबे श्रोता, पूर्व विधायक और सभासद कमलेश वर्मा ने भी किया कथा श्रवण
अमिटरेखा/हारून अली/फाजिलनगर/कुशीनगर
श्री राम जानकी मंदिर सठियांव धाम में चल रहे श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ के चौथे दिन वातावरण पूरी तरह कृष्णमय हो गया। जैसे ही बाल विदुषी कथा वाचिका अनुष्का पाठक ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का प्रसंग अपनी बाल वाणी, मधुर भाव और ओजस्वी शब्दों में प्रस्तुत किया, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो” के जयघोष से गूंज उठा।श्री राम जानकी मंदिर सठियाव धाम में चल रहे चौथे दिन कथा के दौरान ऐसा भावुक और मनमोहक दृश्य बना कि हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालु कभी झूमते दिखे, तो कभी आंखों में आंसू और होठों पर मुस्कान लिए भक्ति रस में डूबे रहे।कृष्ण जन्म की झांकी, वासुदेव का कारागार से निकलना, यमुना पार करना और गोकुल में उत्सव ,हर प्रसंग ने श्रोताओं को मानो द्वापर युग में पहुंचा दिया।कथा श्रवण के लिए निवर्तमान विधायक श्री गंगा सिंह कुशवाहा भी विशेष रूप से पहुंचे और कथा के अंत तक पंडाल में उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में इतनी भावपूर्ण, ओजस्वी कथा वाचन प्रभु की विशेष कृपा का प्रमाण है। यह क्षेत्र धन्य है, जहां ऐसे दिव्य आयोजन हो रहे हैं।
इस भव्य श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ का आयोजन श्री बलराम दास जी महाराज के सान्निध्य में तथा संरक्षक श्री वैरागी दास जी महाराज के मार्गदर्शन में समिति के सदस्यों द्वारा किया गया है। आयोजन की व्यवस्था, अनुशासन और भक्तिमय वातावरण की श्रद्धालुओं ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।कथा श्रवण के लिए दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने सठियांव धाम को भक्ति, श्रद्धा और आनंद का संगम बना दिया। पूरा क्षेत्र कृष्ण नाम के संकीर्तन से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का भरपूर आनंद लिया।कुल मिलाकर, कृष्ण जन्मोत्सव की यह कथा न केवल धार्मिक आयोजन रही, बल्कि आस्था, संस्कृति और भावनात्मक एकता का विराट उत्सव बन गई।