अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना, विधायक समेत गणमान्य लोगों ने दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं
नगर पंचायत के सभी छठ घाटों पर सफाई, प्रकाश और टेंट की मुकम्मल व्यवस्था : अध्यक्ष जेपी गुप्ता
रानी घाट पर हर वर्ष परिवार के साथ सिर पर छठ का डाला लेकर पहुंचते हैं : भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष केशव पांडेय
अमिट रेखा / कृष्णा यादव /तमकुहीराज, कुशीनगर।
लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को तमकुहीराज क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पारंपरिक परिधानों में सजी छठ व्रती महिलाओं ने नदी, तालाबों और सरोवरों के किनारे बने घाटों पर पहुंचकर विधि-विधान से छठी मइया की पूजा-अर्चना की। इसके बाद अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की।
छठ महापर्व की विशेषता है कि इसमें केवल उगते सूर्य ही नहीं, बल्कि अस्त होते सूर्य की भी पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ आराधना की जाती है। यह पर्व जीवन में विनम्रता, कृतज्ञता और समान सम्मान का संदेश देता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार संध्या अर्घ्य के दौरान सूर्य की अंतिम किरण तथा देवी प्रत्यूषा को भी अर्घ्य समर्पित किया जाता है।
संध्या अर्घ्य के बाद व्रती महिलाएं रात्रि में घरों पर कोसी भरने की परंपरा निभाएंगी। इसके पश्चात देर रात पुनः छठ घाट पहुंचकर वेदी की पूजा-अर्चना करेंगी और पूरी रात निर्जला व्रत रखते हुए उदीयमान सूर्य के दर्शन की प्रतीक्षा करेंगी। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पारण किया जाएगा। इस दौरान परिजन व्रतियों को जल, दूध अथवा चाय ग्रहण कराकर व्रत पूर्ण कराएंगे।
विधायक डॉ. असीम कुमार राय ने दी शुभकामनाएं
छठ महापर्व के अवसर पर तमकुहीराज के विधायक डॉ. असीम कुमार राय ने विधानसभा क्षेत्र के सभी छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पर्व को आस्था, सामाजिक समरसता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताते हुए सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
ढलते सूर्य का सम्मान करना सिखाता है छठ : धीरेंद्र राय
केन यूनियन के अध्यक्ष धीरेंद्र राय उर्फ राजू राय ने भी क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में सामान्यतः उगते सूर्य को सलाम किया जाता है, लेकिन छठ महापर्व हमें ढलते सूर्य का भी सम्मान करना सिखाता है। यह पर्व संदेश देता है कि सम्मान केवल सफलता और उन्नति के शिखर पर पहुंचने वालों का ही नहीं, बल्कि जीवन के हर पड़ाव और हर परिस्थिति में होना चाहिए।
सभी घाटों पर सफाई और रोशनी की व्यवस्था : जेपी गुप्ता
नगर पंचायत अध्यक्ष जेपी गुप्ता ने छठ महापर्व पर नगर पंचायत क्षेत्र के समस्त व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, टेंट, पंडाल और प्रकाश की समुचित व्यवस्था कराई गई है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की ओर से पर्व को स्वच्छ, सुरक्षित और भव्य वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
हर वर्ष सिर पर डाला लेकर रानी घाट पहुंचते हैं : केशव पांडेय
भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष केशव पांडेय ने भी छठ महापर्व पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपनी पारंपरिक आस्था का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी वे परिवार के साथ सिर पर छठ का डाला लेकर रानी घाट पहुंचे और श्रद्धापूर्वक अर्घ्य दिलाने की परंपरा निभाई। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी लोक संस्कृति, पारिवारिक एकता और सामाजिक सौहार्द का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने सभी व्रतियों की मनोकामनाएं पूर्ण होने तथा परिवारों में सुख-समृद्धि बनी रहने की कामना की।
छठ महापर्व के अवसर पर तमकुहीराज क्षेत्र के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्ति गीतों की गूंज और सूर्यदेव के प्रति अटूट आस्था ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।