कॉलेज मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत, मासूम समेत महिला गंभीर घायल
कॉलेज मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत, मासूम समेत महिला गंभीर घायल
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
पथरदेवा कस्बे के कॉलेज मोड़ पर गुरुवार को हुए सड़क हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन वर्षीय मासूम एलिजा खातून और 35 वर्षीय अम्बरी खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं। एलिजा खातून, पुत्री हलीम खान तथा अम्बरी खातून, पत्नी इकरार खान, निवासी फरेंदा, ई-रिक्शा से बाजार करने पथरदेवा आ रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलेज मोड़ के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली और ई-रिक्शा की अचानक भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में मासूम एलिजा और अम्बरी खातून सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पथरदेवा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। जहां दोनों का इलाज जारी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई।