दीवार में सेंध लगाकर लाखों की चोरी, परिवार सोता रहा और माल समेट ले गए चोर
90 हजार रुपये नकद, शादी के सोने-चांदी के जेवर और कपड़ों समेत करीब चार लाख की संपत्ति गायब
छेदीलाल गुप्ता, चिउटहां /महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर एकडंगा गांव के कोईरी टोला में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक मकान को निशाना बनाया। सोमवार की देर रात घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सोते रहे और शातिर चोर दीवार में सेंध लगाकर घर के भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद आलमारी और दीवान को खंगालते हुए नकदी, सोने-चांदी के आभूषण तथा शादी के कपड़ों समेत करीब चार लाख रुपये की संपत्ति समेटकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी राम बहादुर मौर्य के परिवार के सदस्य सोमवार की रात घर में सो रहे थे। इसी बीच अज्ञात चोरों ने मकान की दीवार में नकब लगाकर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने घर के कमरों में रखी आलमारी और दीवान को खंगाल डाला। मंगलवार सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो घर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जांच करने पर नकदी और कीमती सामान गायब मिले।
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर करीब 90 हजार रुपये नकद, शादी के लिए जुटाए गए सोने-चांदी के आभूषण और कीमती कपड़े समेत लगभग चार लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं। घटना के बाद परिवार में शादी की तैयारियों के बीच मायूसी छा गई है।
घटना के संबंध में पीड़ित राम बहादुर मौर्य ने सिंदुरिया पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर चोरी का पर्दाफाश करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। वहीं, दिनदहाड़े नहीं बल्कि रात के अंधेरे में दीवार काटकर हुई इस वारदात से गांव के लोगों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त तेज करने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।