माखन चोरी की कथा सुन झूम उठे श्रोता
माखन चोरी की कथा सुन झूम उठे श्रोता
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
क्षेत्र के प्राचीन बाबा चन्द्रनाथ धाम सखनी में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान शुक्रवार देर शाम श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। कथा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे वातावरण में भक्ति रस की गूंज सुनाई देती रही।
कथा व्यास आचार्य संजय कृष्ण किंकर ने श्रीमद्भागवत कथा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का प्रसंग सुनाया। विशेष रूप से माखन चोरी की कथा का जब उन्होंने सजीव वर्णन किया तो श्रोता भावविभोर होकर झूम उठे। उन्होंने कहा कि भगवान की बाल लीलाएं हमें सिखाती हैं कि ईश्वर सरल हृदय और निष्कपट भक्ति से ही प्रसन्न होते हैं। श्रीकृष्ण की लीलाएं मानव जीवन को प्रेम, आनंद और भक्ति की राह पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
वहीं मंदिर के पुजारी प्रेम गिरि जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को सदाचार, सेवा, प्रेम और करुणा का संदेश देती है। कथा श्रवण मात्र से मनुष्य के जीवन के कष्ट दूर होते हैं और आत्मिक शांति की प्राप्ति होती है।
कार्यक्रम के अंत में विधिवत आरती और प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर ओम प्रकाश यादव, अनिल सिंह, श्रीकांत यादव, उमेश राय, नंद किशोर राय, धर्मराज राय, विक्की राय, रंजन राय, ओपी यादव, रंजन श्रीवास्तव, छोटे राय, दुर्गेश राय, करुणेश राय, आद्या राय, आकाश राय, नागेंद्र शर्मा, शंभु कुशवाहा, चंचल ठाकुर सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।