घर के जंगले मे चादर के सहारे फांसी लगाकर युवक ने दी जान

Feb 25, 2026 - 22:57
 0
घर के जंगले मे चादर के सहारे फांसी लगाकर युवक ने दी जान

घर के जंगले मे चादर के सहारे फांसी लगाकर युवक ने दी जान

जांच में जुटी पुलिस

अमिट रेखा / ब्यूरो देवरिया /कुशीनगर

बघौचघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरमा साहुन गांव निवासी पारुल पटेल पुत्र ओमप्रकाश पटेल उम्र 25 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। ग्रामीणों के मुताबिक युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज चल रहा था। वर्तमान में परिवार थाना चौरा खास क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा नारायणपुर में मकान बनाकर रह रहा था। दिन बुधवार को घर के बगल में कीर्तन चल रहा था। उस वक्त घर में केवल पारुल और उसकी मां मौजूद थीं। मां कीर्तन सुनने पड़ोस के घर चली गईं। इसी बीच पारुल ने घर के अंदर एक कमरे में चादर के सहारे जंगले से फांसी लगा ली।काफी देर बाद जब मां घर लौटीं तो बाहर से दरवाजा बंद मिला। आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। आशंका होने पर एक बच्चे को बाहर से अंदर भेजा गया। अंदर का दृश्य देखकर बच्चा घबरा गया और बाहर आकर परिजनों को बताया। इसके बाद किसी ने स्थानीय थाने को सूचना दी। 

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चौरा खास दिनेश कुमार साहनी मौके पर पहुंचे और किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। और अंदर का मंजर देख उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। अवगत कराने के बाद कुछ देर में जनपद से फॉरेंसिक टीम पहुंची। टीम ने साक्ष्य संकलन के बाद शव को नीचे उतरवाया। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इधर मौत की खबर सुन स्थानीय लोगो का जमावड़ा लग गया। इस संबंध मे थानाध्यक्ष दिनेश कुमार साहनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।