मिठाई की दुकानों पर नियमों की अनदेखी! ‘यूज बाय डेट’ लिखने के आदेश का कितना हो रहा पालन?

Nov 9, 2026 - 13:34
Nov 9, 2026 - 13:45
 0
मिठाई की दुकानों पर नियमों की अनदेखी! ‘यूज बाय डेट’ लिखने के आदेश का कितना हो रहा पालन?

15 अक्टूबर 2026 से खुली मिठाइयों पर निर्माण तिथि और उपभोग की अंतिम तिथि बताना अनिवार्य, कुशीनगर में निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल 

अमिट रेखा /कुशीनगर। मिठाई खरीदने वाले उपभोक्ताओं की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश में 15 अक्टूबर 2026 से खुली मिठाइयों की बिक्री को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश लागू किए जाने की बात सामने आई है। इसके तहत काउंटर ट्रे और डिब्बों में बिक्री के लिए रखी मिठाइयों पर निर्माण तिथि (Making Date) और उपभोग की अंतिम तिथि यानी ‘यूज बाय डेट’ (Use By Date) अंकित करना अनिवार्य बताया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं को यह जानकारी देना है कि मिठाई कब तैयार की गई और उसका सेवन कब तक सुरक्षित है।

लेकिन कुशीनगर जिले में इस नियम के अनुपालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्या जिले की सभी मिठाई दुकानों पर काउंटर ट्रे और मिठाई के डिब्बों में निर्माण तिथि तथा यूज बाय डेट स्पष्ट रूप से लिखी जा रही है? क्या खाद्य सुरक्षा विभाग दुकानों का निरीक्षण कर रहा है? नियमों का पालन नहीं करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध अब तक कितनी कार्रवाई की गई है?

खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत दुकानदारों की जिम्मेदारी है कि वे उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। ऐसे में मिठाई की गुणवत्ता, स्वच्छता, निर्माण तिथि और उपभोग की अंतिम तिथि की जानकारी को नजरअंदाज करना उपभोक्ताओं के हितों से जुड़ा गंभीर विषय है।

अमिट रेखा की पड़ताल में यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि कुशीनगर के तमकुहीराज, पडरौना, सेवरही सहित अन्य बाजारों में मिठाई विक्रेता नए निर्देशों का कितना पालन कर रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग से 15 अक्टूबर 2026 के बाद किए गए निरीक्षण, लिए गए नमूनों और नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई का ब्योरा भी मांगा जाएगा।

आखिर जब उपभोक्ताओं की सेहत से जुड़ा नियम लागू है, तो उसका जमीनी स्तर पर पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी किसकी है? क्या खाद्य सुरक्षा विभाग नियमित निगरानी कर रहा है या बाजारों में नियमों के पालन की स्थिति की जांच अभी बाकी है? इन सवालों पर संबंधित विभाग और मिठाई कारोबारियों का पक्ष भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) द्वारा मिठाइयों को लेकर नया नियम 15 अक्टूबर 2026 से लागू किया गया है। इस नियम के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं: 

 

ग्राहकों और दुकानदारों को होनी चाहिए इस नियम की जानकारी, आइए जानते है क्या हैं नियम ?

खुली और पैक्ड दोनों मिठाइयों पर नियम: यह नियम केवल पैक की हुई मिठाइयों पर ही नहीं, बल्कि दुकानों के काउंटर और शोकेस में ट्रे में रखी खुली मिठाइयों पर भी लागू होता है।

'यूज बाय डेट' (Use by Date) अनिवार्य: दुकानदारों को बिक्री के लिए रखी गई हर मिठाई की ट्रे या डिस्प्ले पर उसका नाम और 'कब तक इस्तेमाल करें' (Use by Date / Best Before Date) की जानकारी वाला कार्ड या पर्ची लगाना अनिवार्य है। 

शेल्फ लाइफ (उपयोग अवधि): मिठाई की सामग्री, प्रकृति और भंडारण (Storage) की स्थिति के आधार पर उसकी उपयोग अवधि 1 दिन से लेकर 30 दिन तक तय की जा सकती है, जिसे दुकानदारों को स्पष्ट करना होगा। 

डिब्बों पर जानकारी: यदि ग्राहक को मिठाई पैक करके दी जा रही है, तो डिब्बे पर भी निर्माण की तारीख (Manufacturing Date) और खराब होने की आखिरी तारीख का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। 

उद्देश्य और कार्रवाई: त्योहारी सीजन और सामान्य दिनों में बासी, खराब और मिलावटी मिठाइयों की बिक्री पर रोक लगाना तथा लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा करना इस नियम का मुख्य उद्देश्य है। नियमों का पालन न करने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों द्वारा दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र