मूर्ति विसर्जन के दौरान खूनी संघर्ष, युवक पर रॉड से हमला; वीडियो वायरल

Nov 11, 2026 - 05:42
 0
मूर्ति विसर्जन के दौरान खूनी संघर्ष, युवक पर रॉड से हमला; वीडियो वायरल

छेदीलाल गुप्ता, महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। विसर्जन स्थल पर एक युवक को घेरकर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुख्य आरोपी शनि गुप्ता समेत उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, राजौंड़ा खुर्द निवासी राजू यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 नवंबर 2026 को उनका भतीजा इंद्रेश गांव के घटही मां स्थान पर स्थापित मूर्ति के विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। इसी दौरान नगर पंचायत पनियरा के टोला धुंगरहवा की मूर्ति भी विसर्जन के लिए वहां पहुंची।

आरोप है कि इसी बीच नगर पंचायत पनियरा निवासी शनि गुप्ता अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर इंद्रेश को घेर लिया। इसके बाद लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। मारपीट के दौरान उसके साथी भी शामिल हो गए। अचानक हुई घटना से विसर्जन स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायल युवक को हमलावरों से छुड़ाया।

वायरल वीडियो ने बढ़ाई चर्चा

घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक के साथ मारपीट और रॉड से हमला किए जाने का दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज

पनियरा थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। पीड़ित की तहरीर के आधार पर शनि गुप्ता और उसके साथियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र