छठ महापर्व को लेकर तमकुहीराज प्रशासन अलर्ट, रानी के पोखरा घाट की सफाई तेज

Nov 11, 2026 - 11:14
Nov 11, 2026 - 11:15
 0
छठ महापर्व को लेकर तमकुहीराज प्रशासन अलर्ट, रानी के पोखरा घाट की सफाई तेज

अध्यक्ष जेपी गुप्ता और ईओ उत्तम वर्मा ने किया छठ घाट का निरीक्षण, कर्मचारियों को दिए आवश्यक निर्देश 

अमिटरेखा_ कृष्णा यादव | तमकुहीराज, कुशीनगर। 

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर पंचायत तमकुहीराज प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत के वार्ड नंबर-2 यशोधरा नगर स्थित रानी के पोखरा छठ घाट पर साफ-सफाई, छठ प्रतिमाओं की रंगाई-पुताई सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इसी क्रम में बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष जेपी गुप्ता एवं अधिशासी अधिकारी उत्तम वर्मा ने रानी के पोखरा स्थित छठ घाट और छठ प्रतिमाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सफाई नायक परशुराम गुप्ता की देखरेख में सफाईकर्मी घाट परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में जुटे हुए हैं।

नगर पंचायत प्रशासन की ओर से छठ घाट पर टेंट, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुबह चाय की व्यवस्था भी कराई जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

गौरतलब है कि चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर शुक्रवार को नहाय-खाय से होगी। 14 नवंबर शनिवार को खरना, 15 नवंबर रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य तथा 16 नवंबर सोमवार को उदीयमान सूर्य को प्रातः अर्घ्य देने के साथ पारण होगा। यह कठिन व्रत आस्था, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक माना जाता है।

रानी के पोखरा पर प्रत्येक वर्ष छठ पूजा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजकर पोखरे के जल में खड़ी होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। वर्षों पुरानी यह धार्मिक परंपरा आज भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है।

भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था होगी बड़ी चुनौती 

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए छठ घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन भी बेहद जरूरी है। ओवरब्रिज चौराहे से रानी के पोखरा तक सड़क पर ठेला, खोमचा, ई-रिक्शा और टेंपो के अनियंत्रित खड़े होने से आवागमन प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में सुचारु यातायात के लिए पुलिस प्रशासन की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक होगा। साथ ही श्रद्धालुओं के आभूषणों की सुरक्षा के लिए भी सतर्कता बरतनी होगी।

कुल मिलाकर, छठ महापर्व को लेकर नगर पंचायत प्रशासन की सक्रियता से तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। अब श्रद्धालुओं को बेहतर सफाई, सुरक्षा और सुगम आवागमन की व्यवस्था मिलने की उम्मीद है।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र