नाबालिग किशोरियों को बहला-फुसलाकर भगाने के दो मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों सकुशल बरामद
नाबालिग किशोरियों को बहला-फुसलाकर भगाने के दो मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों सकुशल बरामद
बघौचघाट पुलिस की बड़ी सफलता
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
जनपद देवरिया के बघौचघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत दो अलग-अलग गांवों में नाबालिग किशोरियों को बहला-फुसलाकर भगाने के मामलों में पुलिस ने त्वरित और सराहनीय कार्रवाई करते हुए दोनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया। घटनाओं की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया था, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उन्हें बड़ी राहत मिली।
पहले मामले में एक किशोरी के पिता ने थाना बघौचघाट में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव का ही निवासी एक युवक उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर संभावित स्थानों पर दबिश शुरू की। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
दूसरे मामले में एक महिला ने आरोप लगाया कि गांव निवासी युवक उसकी 16 वर्षीय पुत्री को 1 मार्च को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस प्रकरण में भी पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग दर्ज कर जांच प्रारंभ की। लगातार दबिश और खोजबीन के बाद दूसरी किशोरी को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों बरामद किशोरियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। नामजद आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।