अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की मौत, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
अज्ञात वाहन की ठोकर से युवक की मौत, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
थाना तरकुलवा अंतर्गत नगर पंचायत पथरदेवा के वार्ड नंबर 3 मछैला में सोमवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मछैला निवासी छोटे लाल यादव पुत्र स्वर्गीय इंद्रासन यादव की अज्ञात वाहन की ठोकर से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद छोटे लाल सड़क किनारे बने नाले में गिर पड़े और घंटों तक वहीं पड़े रहे। किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी। काफी देर बाद जब राहगीरों ने नाली में एक व्यक्ति को पड़ा देखा तो अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछैला पहुंचाया।डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छोटे लाल एक साधारण मजदूर थे, जो किसी दुकान पर काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। घर पर दो मासूम बच्चे हैं — बड़ी बेटी की उम्र महज 10 वर्ष है। पिता की मौत की खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई। बच्चों की सिसकियां और पत्नी का विलाप सुनकर गांव की आंखें भी नम हो उठीं।
जो हाथ रोज मेहनत कर घर का चूल्हा जलाते थे, आज वही हाथ हमेशा के लिए थम गए। एक अज्ञात वाहन ने न सिर्फ एक जिंदगी छीनी, बल्कि दो मासूमों का भविष्य भी अंधेरे में धकेल दिया।पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और हर आंख नम है।