गोवर्धन पूजा: प्रकृति संरक्षण और गौ सेवा का पर्व, भगवान श्रीकृष्ण ने कनिष्ठा उंगली पर उठाया था गोवर्धन पर्वत
अन्नकूट महोत्सव के साथ होती है भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गौ माता की आराधना, सात दिनों तक ब्रजवासियों की रक्षा कर भगवान ने तोड़ा था इंद्रदेव का अहंकार
अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा)
दीपावली के अगले दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को गोवर्धन पूजा का पावन पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। यह त्योहार भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और गौ सेवा की भारतीय परंपरा का प्रतीक है। इस अवसर पर श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत, भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिरों और घरों में अन्नकूट का विशेष भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।
इंद्रदेव का अहंकार तोड़ने के लिए श्रीकृष्ण ने उठाया गोवर्धन पर्वत
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में ब्रजवासी वर्षा के देवता इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए उनकी पूजा-अर्चना करते थे। एक दिन बाल स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की आराधना करने की प्रेरणा दी। उन्होंने समझाया कि गोवर्धन पर्वत ब्रजवासियों और उनके पशुधन के लिए घास, जल, फल तथा अन्य प्राकृतिक संसाधनों का प्रमुख आधार है।
श्रीकृष्ण की बात मानकर नंद बाबा सहित समस्त ब्रजवासियों ने गोवर्धन पर्वत की पूजा की। इससे क्रोधित होकर देवराज इंद्र ने ब्रज में मूसलाधार बारिश और भयंकर तूफान शुरू कर दिया। चारों तरफ जलभराव और भय का माहौल बन गया। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली यानी कनिष्ठा पर विशाल गोवर्धन पर्वत को धारण कर लिया। इसके नीचे सभी ब्रजवासी, पशु-पक्षी और गौवंश सुरक्षित आ गए।
मान्यता है कि लगातार सात दिन और सात रात तक हुई वर्षा के बावजूद भगवान श्रीकृष्ण ने सभी की रक्षा की। अंततः इंद्रदेव को अपनी भूल और अहंकार का एहसास हुआ। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से क्षमा याचना की। इसी पौराणिक प्रसंग की स्मृति में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाने की परंपरा प्रचलित हुई।
अन्नकूट का भोग और गौ सेवा का विशेष महत्व
गोवर्धन पूजा के दिन मंदिरों में विभिन्न प्रकार के पकवान, मिठाइयों, सब्जियों और अनाज से तैयार अन्नकूट का भोग भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित किया जाता है। श्रद्धालु गायों और बैलों को स्नान कराकर सजाते हैं तथा उनकी पूजा और सेवा करते हैं। ग्रामीण जीवन में कृषि, पशुपालन और गौवंश के महत्व को भी यह पर्व विशेष रूप से रेखांकित करता है।
प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है गोवर्धन पर्व
गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्व मानव जीवन में प्रकृति की अहम भूमिका का भी संदेश देता है। पर्वत, नदियां, जल, वनस्पति और पशुधन मानव जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं। इनका संरक्षण और सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
यह पर्व हमें सिखाता है कि अहंकार का अंत निश्चित है और सच्ची श्रद्धा, सेवा, सहयोग तथा प्रकृति के प्रति सम्मान ही जीवन को सुखमय बनाते हैं। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला आज भी समाज को एकता, पर्यावरण संरक्षण, गौ सेवा और संकट के समय एक-दूसरे का सहारा बनने की प्रेरणा देती है।