नरेश कुमार ने संभाली भितहा थाने की कमान, अभिलाष कुमार को दी गई भावभीनी विदाई
नरेश कुमार ने संभाली भितहा थाने की कमान,
अभिलाष कुमार को दी गई भावभीनी विदाई
विदाई-सह-स्वागत समारोह में अधिकारियों,
जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों ने दी
शुभकामनाएं, नवागत थानाध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
अमिट रेखा /अजय कुमार गुप्ता/भितहा
भितहा थाना परिसर में शनिवार को आयोजित विदाई-सह-स्वागत समारोह में थाना प्रशासन में बदलाव देखने को मिला। निवर्तमान थानाध्यक्ष अभिलाष कुमार को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई, जबकि नरेश कुमार ने नए थानाध्यक्ष के रूप में भितहा थाना की जिम्मेदारी संभाल ली। समारोह में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं स्थानीय लोगों ने दोनों अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
निवर्तमान थानाध्यक्ष अभिलाष कुमार को समारोह के दौरान पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अभिलाष कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग में स्थानांतरण एक सामान्य प्रक्रिया है। विभाग की ओर से जहां भी जिम्मेदारी दी जाती है, वहां पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना उनका प्रयास रहता है। उन्होंने भितहा में तैनाती के दौरान जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं आम लोगों से मिले सहयोग के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवागत थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। अपराध नियंत्रण के साथ आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय कायम करने की बात कही।
नरेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता से काम करेगा। उन्होंने आम लोगों से पुलिस को सहयोग देने और किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
समारोह में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने नवागत थानाध्यक्ष का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके कार्यकाल में भितहा क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था और मजबूत होगी। लोगों ने अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई तथा आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार प्रशांत, अंचलाधिकारी अमरदीप कुमार, विधायक प्रतिनिधि पंकज कुशवाहा, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि ललन कुशवाहा, पूर्व प्रमुख सह वर्तमान पंचायत समिति सदस्य तबरेज आलम, बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना सिंह, विधायक अंचल प्रतिनिधि अमरजीत दुबे, मुखिया प्रतिनिधि चंदन गुप्ता, प्रदीप गुप्ता व मजहर हुसैन, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि संजय निषाद, मुखिया प्रतिनिधि मजहर हुसैन,उपप्रमुख गोरख यादव, समाजसेवी गब्बर कुशवाहा, सुग्रीम पाण्डेय, भीम यादव, भरोसा यादव, पूर्व सरपंच शेख हसमुद्दीन, समाजसेवी जमालुद्दीन अंसारी, संजय मिश्रा, अंशुमान पाण्डे, संजीत राय, पूर्व मुखिया जाकिर हुसैन, समाजसेवी मंजर इमाम, कैलाशपति कुशवाहा, शिवब्यास, नरेश कश्यप, राजेश राय, अभिमन्यु यादव, शेख साबिर, रविन्द्र यादव, बटेश्वर जसावाल, अख्तर हुसैन, राजकुमार यादव, सरपंच प्रतिनिधि रमाशंकर यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी मौजूद रहे।