गोवर्धन की पूजा कर बहनों ने अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर किया लंबी उम्र की कामना
अमिट रेखा/ आर.एन.पाण्डेय
तमकुहीराज/कुशीनगर। सेवरही विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में गोवर्धन पूजा और भैया दूज का पर्व बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही गांवों में पर्व को लेकर चहल-पहल रही। बहनों ने नए परिधानों में सज-संवरकर गाय के गोबर से गोवर्धन भगवान की प्रतिमा बनाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद परंपरा के अनुसार पहरुआ से गोधन कुटकर गोवर्धन भगवान से परिवार की सुख-समृद्धि और भाइयों की लंबी उम्र की कामना की।
क्षेत्र के सरया खुर्द, खुदुरा, रामपुर राजा, छपरा अहिरौली, लतवा जीत, लतवा मुरलीधर सहित विभिन्न गांवों में बुधवार को पर्व धूमधाम से मनाया गया।यहा भैया दूज के अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और उनके सुखी जीवन एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
ग्रामीण परंपरा के अनुसार बहनों ने विभिन्न प्रकार के फल, मिठाई और पूजा सामग्री गोवर्धन भगवान को अर्पित की। पूजा-अर्चना के बाद गोबर से बनी प्रतिमा की कुटाई की गई और पोखरे पर पहुंचकर भाइयों की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की गई।
मान्यता है कि गोवर्धन पूजा और भैया दूज के साथ ही शुभ कार्यों और शादी-विवाह के आयोजनों की शुरुआत का मार्ग प्रशस्त होता है। यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक माना जाता है।