स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव पीडीए के जनक थे, उन्होंने कभी मूल्यों से समझौता नहीं किया : मधुर श्याम राय

Nov 23, 2026 - 18:21
Nov 23, 2026 - 18:24
 0
स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव पीडीए के जनक थे, उन्होंने कभी मूल्यों से समझौता नहीं किया : मधुर श्याम राय

तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र में धूमधाम से मनाई गई नेताजी की जयंती, पीडीए को मजबूत करने का आह्वान 

अमिटरेखा – कृष्णा यादव तमकुहीराज, कुशीनगर। 

समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के सेलिब्रेशन लॉन, लाल बनरहा मोड़, तमकुही रोड पर भव्य रूप से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सपा नेता एवं लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मधुर श्याम राय ने दीप प्रज्वलित कर नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित करने के साथ किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों और संघर्षों को याद किया।

जयंती समारोह को संबोधित करते हुए मधुर श्याम राय ने कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव पीडीए (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) के जनक थे। उन्होंने जीवनभर अपने राजनीतिक मूल्यों से समझौता नहीं किया और हमेशा गरीबों, किसानों, बुनकरों, पिछड़ों, शोषितों एवं वंचितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहे। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने जनहित की अनेक योजनाओं को आगे बढ़ाया तथा बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि नेताजी के शासनकाल में गरीब, किसान और कमजोर वर्ग के लोग अपनी समस्याएं लेकर अधिकारियों तक पहुंचते थे और उनकी सुनवाई होती थी। आज आम लोगों को थाना, तहसील और विभिन्न सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, इसके बावजूद कई बार उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। गरीब, मजदूर और किसानों की आवाज को प्राथमिकता से सुना जाना चाहिए।

गन्ना किसानों की समस्याओं पर चिंता जताते हुए मधुर श्याम राय ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में गन्ने का उचित मूल्य बढ़ाने की मांग लगातार उठाई जा रही है, लेकिन किसानों को अभी तक अपेक्षित मूल्य नहीं मिल सका है। चीनी मिलें चालू होने के बावजूद गन्ने का मूल्य घोषित नहीं होने से किसानों में चिंता है। उन्होंने सरकार से गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की।

समारोह के अंत में उन्होंने उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए को मजबूत बनाने और समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न साइकिल पर मतदान करने की अपील की।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य ठाकुर राजेश सिंह, अब्दुल मन्नान अंसारी, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद यादव, विधानसभा सचिव बबलू अलीगाजी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोरख प्रसाद निषाद, श्रीकृष्ण सिंह पटेल, महेश सिंह कुशवाहा, अवधनाथ ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र