कृषि विज्ञान केंद्र कुशीनगर ने श्री अन्न मेले में हासिल किया प्रथम पुरस्कार

Nov 23, 2026 - 18:16
 0
कृषि विज्ञान केंद्र कुशीनगर ने श्री अन्न मेले में हासिल किया प्रथम पुरस्कार

कृषि नवाचारों के प्रदर्शन ने किसानों को किया आकर्षित, मशरूम उत्पादन और फसल अवशेष प्रबंधन की दी जानकारी

अमिटरेखा | कृष्णा यादव | तमकुही राज, कुशीनगर। 

तमकुही राज के रामलीला मैदान में आयोजित तीन दिवसीय श्री अन्न कृषि मेले में कृषि विज्ञान केंद्र कुशीनगर ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर प्रथम पुरस्कार हासिल किया। मेले में केंद्र के वैज्ञानिकों एवं विषय वस्तु विशेषज्ञों ने आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और किसानों की आय बढ़ाने के उपायों से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की।

कृषि विज्ञान केंद्र के स्टॉल पर ब्रिमाटो तकनीक, फसल अवशेष प्रबंधन के तहत ऑयस्टर मशरूम उत्पादन और अन्य उन्नत कृषि विधियां किसानों के आकर्षण का केंद्र रहीं। किसानों को सब्जियों की उन्नत किस्मों, जैव उर्वरकों तथा उनके उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।

केंद्र के प्रमुख डॉ. नवीन कुमार सिंह ने किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी समसामयिक जानकारियां देते हुए कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न सेवाओं और तकनीकी सहयोग से अवगत कराया। वहीं एसएमएस रिद्धि वर्मा ने श्री अन्न के स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए बाजरा आधारित व्यंजनों की रेसिपी साझा की। उन्होंने बाजरा के विभिन्न व्यंजनों के माध्यम से दैनिक खानपान में श्री अन्न का उपयोग बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही फसल अवशेषों के बेहतर प्रबंधन के जरिए मशरूम उत्पादन कर किसानों को अतिरिक्त आय अर्जित करने की तकनीक समझाई।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र