सीमावर्ती ठूठीबारी में 10.30 करोड़ की लागत से बन रहा आवासीय विद्यालय, 90 फीसदी निर्माण पूरा
अगले शैक्षणिक सत्र से संचालन की तैयारी, गरीब व वंचित बच्चों को शिक्षा के साथ मिलेगी आवासीय सुविधा
छेदीलाल, ठूठीबारी/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल आकार ले रही है। निर्माणाधीन सुभाष चंद्र बोस इंटरमीडिएट आवासीय विद्यालय का जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों के मुताबिक, विद्यालय का करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि आगामी शिक्षण सत्र से विद्यालय का संचालन शुरू किया जा सके।
विद्यालय निर्माण के लिए 10 करोड़ 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रस्तावित आवासीय विद्यालय में गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को शेष निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
डीएम ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना प्रशासन की प्राथमिकता है। सीमावर्ती क्षेत्र में आवासीय विद्यालय की स्थापना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
गौसदन में ठंड से बचाव की तैयारियों पर जोर
विद्यालय निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने गौसदन मैरी पहुंचकर गोवंशों के लिए चारा, पानी, साफ-सफाई और संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आगामी ठंड को देखते हुए अलाव, तिरपाल और पर्याप्त भूसे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गोवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की उदासीनता न बरतने की हिदायत दी।
गोबर गैस प्लांट व जैविक खाद इकाई का निरीक्षण
गौसदन परिसर में स्थापित गोबर गैस प्लांट का निरीक्षण करते हुए डीएम ने उसे पूरी क्षमता से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने जैविक खाद एवं केंचुआ खाद उत्पादन इकाई की कार्यप्रणाली, गुणवत्ता और उत्पादन की जानकारी ली तथा केंचुआ उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जैविक खाद को किसानों के लिए उपयोगी बताते हुए इसके इस्तेमाल से खेती की लागत कम करने और जैविक खेती को प्रोत्साहन देने की बात कही। साथ ही किसानों को जैविक खाद के प्रति जागरूक करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम निचलौल, बीडीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।