तमकुहीराज में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय श्री अन्न मेला शुरू, कृषि मंत्री ने किया उद्घाटन

Nov 22, 2026 - 09:04
Nov 22, 2026 - 09:04
 0
तमकुहीराज में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय श्री अन्न मेला शुरू, कृषि मंत्री ने किया उद्घाटन

मिलेट्स की खेती और उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर, प्रदर्शनी में मोटे अनाज से बने खाद्य पदार्थों ने खींचा लोगों का ध्यान 

अमिट रेखा | कृष्णा यादव, तमकुहीराज/कुशीनगर। रामलीला मैदान तमकुहीराज में उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय श्री अन्न कार्यशाला, मेला एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और श्री अन्न के उत्पादन, प्रसंस्करण एवं उपभोग को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।

21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस मेले में मोटे अनाजों की खेती, उनके पोषण संबंधी महत्व तथा उनसे तैयार खाद्य उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रदर्शनी में मड़ुआ (रागी), सांवा, कोदो, बाजरा सहित विभिन्न मिलेट्स के उत्पादों के साथ बिस्किट, नमकीन एवं अन्य खाद्य सामग्री आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मोटे अनाजों की खेती के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराना तथा आम लोगों को पौष्टिक खाद्यान्नों के प्रति जागरूक करना है। मिलेट्स को संतुलित आहार का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। इसके पोषण गुणों को देखते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के बीच भी इनकी मांग बढ़ रही है।

किसानों को श्री अन्न की खेती से जोड़ने के लिए सरकार की ओर से बीज अनुदान एवं विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कृषि अनुसंधान केंद्र कुशीनगर, सरगटिया करनपट्टी स्थित आलू मसाला फार्म पर भी मोटे अनाजों के बीज उपलब्ध होने की जानकारी दी गई।

मेले में गन्ना विभाग सेवरही, कृषि विज्ञान केंद्र कुशीनगर समेत विभिन्न विभागों ने अपने स्टाल लगाए। जिला गन्ना अधिकारी ने अतिथि का स्वागत करते हुए विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन कराया। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र कुशीनगर की ओर से भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी की तकनीकियों एवं कृषि संबंधी जानकारी प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र के प्रमुख डॉ. पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र के एमएसएम रिद्धि वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं कृषि विशेषज्ञ मौजूद रहे।

मेले के माध्यम से किसानों को श्री अन्न की खेती, प्रसंस्करण और बाजार की संभावनाओं से परिचित कराने के साथ ही आमजन को पौष्टिक खाद्य पदार्थ अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र