पोखरिया अतिक्रमण मामले में प्रशासन सख्त, 27 से 28 लोगों पर कार्रवाई की तैयारी
दो आरोपियों के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज, पुराने कब्जे के मामले में 25–26 लोग चिह्नित; सरकारी पोखरिया खाली कराने की तैयारी
छेदीलाल गुप्ता, ठूठीबारी/महराजगंज। सरकारी पोखरिया और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों को लेकर तहसील प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ठूठीबारी में ताजा अतिक्रमण मामले में दो लोगों के खिलाफ लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है, जबकि पोखरिया की भूमि पर पुराने कब्जे के मामले में 25 से 26 लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासनिक कार्रवाई आगे बढ़ने से कब्जेदारों में हलचल मची है।
जानकारी के मुताबिक, ठूठीबारी थाने में मुकदमा संख्या 155/26, धारा 3/5 लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत राजस्व लेखपाल देवेंद्र पटेल की तहरीर पर गुलाबचन्द्र गुप्ता पुत्र सुकदेव तथा घनश्याम रौनियार पुत्र रघुनाथ प्रसाद, निवासी ठूठीबारी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दोनों पर सरकारी भूमि पर कब्जा कर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। मामले की पुलिस विवेचना जारी है।
पुराने अतिक्रमणकारियों की भी तैयार हो रही सूची
पोखरिया की भूमि पर लंबे समय से चले आ रहे कब्जे को लेकर राजस्व विभाग ने जांच के आधार पर 25 से 26 लोगों को चिह्नित किया है। इनके विरुद्ध बेदखली समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए राजस्व अभिलेखों और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सरकारी जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं : एसडीएम
एसडीएम निचलौल अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि वर्तमान प्रकरण में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है, जबकि पुराने पोखरिया अतिक्रमण मामले में 25 से 26 लोग चिह्नित किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी पोखरिया और सार्वजनिक संपत्ति पर अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा नियमानुसार कब्जे हटवाने की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा संख्या 155/26 में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुराने अतिक्रमण प्रकरण में राजस्व विभाग के साथ समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।