डीएम ने सैनिक स्कूल सुभाष चंद्र बोस का किया निरीक्षण 90% काम पूर्ण

डीएम ने सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा अगले शिक्षण सत्र से शुरू होगी पढ़ाई, गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क शिक्षा व आवास की सुविधा ठूठीबारी, महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी कस्बे में निर्माणाधीन सुभाष चंद्र बोस इंटरमीडिएट आवासीय विद्यालय का जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि विद्यालय के निर्माण के लिए 10 करोड़ 30 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। अब तक करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य तेजी से कराया जा रहा है और आगामी शिक्षण सत्र से विद्यालय में पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी है। यह आवासीय विद्यालय गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है। यहां विद्यार्थियों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रहने की सुविधा भी मिलेगी। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि शेष निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारना प्रशासन की प्राथमिकता है। सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह के आवासीय विद्यालय शुरू होने से गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। गौसदन मैरी में व्यवस्थाओं का लिया जायजा विद्यालय के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने गौसदन मैरी का भी जायजा लिया। उन्होंने गोवंशों के लिए चारा, पानी और साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। आगामी ठंड के मौसम को देखते हुए उन्होंने अलाव, तिरपाल और पर्याप्त मात्रा में भूसे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंशों की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गोबर गैस प्लांट और जैविक खाद उत्पादन का किया अवलोकन जिलाधिकारी ने गौसदन परिसर में स्थापित गोबर गैस प्लांट का निरीक्षण कर उसे पूरी क्षमता से संचालित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गोबर से तैयार होने वाली जैविक खाद और केंचुआ खाद उत्पादन इकाई का भी अवलोकन किया। उन्होंने खाद की गुणवत्ता एवं उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए केंचुआ उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया। डीएम ने कहा कि गोबर से तैयार जैविक खाद किसानों के लिए उपयोगी है। इसके माध्यम से जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों की लागत भी कम की जा सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों को जैविक खाद के उपयोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम निचलौल, बीडीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Nov 21, 2026 - 22:46
 0
डीएम ने सैनिक स्कूल सुभाष चंद्र बोस का किया निरीक्षण 90% काम पूर्ण