48.64 करोड़ की सड़क पर जलभराव बना मुसीबत, नाली न होने से ग्रामीणों में नाराजगी
29 किलोमीटर लंबी सड़क पर बकचुना गांव के पास जमा पानी, फिसलन से राहगीर चोटिल; निर्माण कार्य की योजना और जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल
अमिट रेखा | उमाशंकर तिवारी | अयोध्या।
मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क पर जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। बकचुना गांव के पास सड़क पर पानी जमा रहने और नाली की व्यवस्था न होने से लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों में इस समस्या को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
उसरहन भवानी से मेधा ऋषि आश्रम एवं मां कामाख्या धाम तक करीब 29 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण लगभग 48 करोड़ 64 लाख 60 हजार रुपये की लागत से कराया गया है। लेकिन सड़क के किनारे जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बकचुना गांव के पास पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि आसपास के घरों का पानी सड़क पर बहकर जमा हो जाता है। नाली का निर्माण नहीं होने से पानी की निकासी बाधित है। सड़क पर लगातार नमी और फिसलन बनी रहने के कारण राहगीरों तथा दोपहिया वाहन चालकों को खतरे के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, फिसलकर कई राहगीर चोटिल भी हो चुके हैं।
सड़क निर्माण, लेकिन जल निकासी का इंतजाम नहीं!
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब सड़क निर्माण पर इतनी बड़ी धनराशि खर्च की गई, तो जल निकासी जैसी जरूरी व्यवस्था को योजना में शामिल क्यों नहीं किया गया? उनका कहना है कि सड़क के साथ नाली निर्माण कराया गया होता तो जलभराव की समस्या उत्पन्न नहीं होती और लोगों को रोजाना इस परेशानी से जूझना नहीं पड़ता।
लगातार पानी जमा रहने से सड़क की सतह को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो सड़क क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे भविष्य में मरम्मत पर अतिरिक्त सरकारी धन खर्च होने की नौबत आएगी।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने और सड़क किनारे नाली निर्माण कराने की मांग की है। अब सवाल यह है कि करोड़ों की सड़क पर पैदा हुई इस समस्या को जिम्मेदार विभाग कब गंभीरता से लेगा और ग्रामीणों को राहत कब मिलेगी?