कटका में छठ निमंत्रण में आया 2 वर्ष का मासूम ट्रैक्टर ने कुचला मौत खुशियां मातम में बदल गई
छठ निमंत्रण में कटका पहुंचे दो वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत, खुशियां मातम में बदलीं छठ पर्व के निमंत्रण पर रिश्तेदार के घर आया था परिवार, आंगन में खेलते समय ट्रैक्टर की चपेट में आया मासूम हिमांशु निचलौल, महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के कटका ग्राम सभा में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय मासूम की जान चली गई। छठ महापर्व के अवसर पर जिस घर में खुशियों और उत्सव का माहौल था, वहां मासूम की मौत के बाद चीख-पुकार मच गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, कटका ग्राम सभा के प्रधान अरवेश कुमार के घर छठ पूजा के निमंत्रण पर रिश्तेदार आए हुए थे। इनमें सिसवा कस्बे के निवासी जितेंद्र का परिवार भी शामिल था। बताया जा रहा है कि जितेंद्र की पत्नी अपने बच्चों के साथ अपनी ननद के घर आई थीं। गुरुवार शाम करीब पांच बजे जितेंद्र का दो वर्षीय बेटा हिमांशु घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान परिसर में खड़े ट्रैक्टर के पीछे कुछ बच्चे खेल रहे थे। अचानक मासूम ट्रैक्टर की चपेट में आ गया और उसका पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजन आनन-फानन में मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ देर पहले छठ पर्व की तैयारियां और बच्चों की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां पलभर में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि जितेंद्र रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। उनके दो बेटे थे। बड़ा बेटा आदर्श करीब छह वर्ष का है, जबकि छोटा बेटा हिमांशु महज दो वर्ष का था। इस हादसे में परिवार ने अपना छोटा बेटा खो दिया। छठ महापर्व के अवसर पर हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। त्योहार की खुशियां एक परिवार के लिए जिंदगी भर का गम बन गईं। फिलहाल घटना के संबंध में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।