दीपों की रोशनी से जगमगाया विद्यावती देवी महाविद्यालय, प्रबंधक ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की
दीपों की रोशनी से जगमगाया विद्यावती देवी महाविद्यालय, प्रबंधक ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की
अमिटरेखा | कृष्णा यादव
तमकुहीराज, कुशीनगर। दीपावली के पावन पर्व पर वैष्णवी नदी के तट पर स्थित विद्यावती देवी महाविद्यालय में रविवार को दीपोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर पूरा महाविद्यालय परिसर रंग-बिरंगी झालरों और दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। उत्सवी माहौल में शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय परिवार ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के महाप्रबंधक बबलू राय ने मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश के चित्र पर माल्यार्पण कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। आतिशबाजी के बीच दीपोत्सव की खुशियां और भी खास हो गईं।
इस अवसर पर महाप्रबंधक बबलू राय ने कहा कि दीपावली प्रकाश, उल्लास और सकारात्मकता का पर्व है। यह त्योहार हमें आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने महाविद्यालय के समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सुखमय जीवन, उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की।
लक्ष्मी पूजन के उपरांत उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, प्रबंधक एवं प्रबंध समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।