ओवरब्रिज के नीचे बनेगा नया श्रमिक अड्डा, मजदूरों को मिलेंगी पेयजल, शौचालय व बैठने की सुविधाएं
घनश्याम मणि त्रिपाठी, देवरिया। श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल की है। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने गोरखपुर रोड स्थित देवरिया-गोरखपुर ओवरब्रिज के नीचे नवीन श्रमिक अड्डा स्थापित करने के लिए स्थल का चयन किया। साथ ही हनुमान मंदिर के समीप संचालित मौजूदा श्रमिक अड्डे को नए स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
नवीन श्रमिक अड्डे पर मजदूरों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए शौचालय, स्वच्छ पेयजल, बैठने की व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों को इंतजार के दौरान राहत मिलेगी और उन्हें खुले में असुविधाओं के बीच समय बिताने से निजात मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने श्रमिक अड्डे पर आने वाले मजदूरों का व्यवस्थित पंजीकरण कराने तथा श्रम विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से उन्हें जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र श्रमिकों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी की जाए, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके।
स्थल चयन के दौरान सहायक श्रम आयुक्त, नगर पालिका परिषद देवरिया के अधिशासी अधिकारी, डीएसटीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।