सीमा क्षेत्र में पुलिस-एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, 15 बोरी कद्दू का बीज बरामद; एक गिरफ्तार
मोटरसाइकिल भी जब्त, निचलौल थाना क्षेत्र का रहने वाला है पकड़ा गया आरोपी
छेदीलाल गुप्ता, ठूठीबारी/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी के दौरान पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने शीतलापुर क्षेत्र में छापेमारी कर 15 बोरी कद्दू का बीज बरामद किया। मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुनीब पुत्र पारस, निवासी ग्राम धमऊर, थाना निचलौल के रूप में हुई है। बरामद कद्दू के बीज के साथ मोटरसाइकिल संख्या UP56 B 4236 को भी कब्जे में ले लिया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सूरज तिवारी, कांस्टेबल अजीत यादव और एसएसबी के जवान शामिल रहे। टीम ने बरामद सामग्री को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीमा क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त सक्रियता से अवैध गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई का सिलसिला तेज हुआ है।