उगते सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन, व्रतियों ने की परिवार की सुख-समृद्धि की कामना

Nov 16, 2026 - 13:37
Nov 16, 2026 - 13:50
 0
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन, व्रतियों ने की परिवार की सुख-समृद्धि की कामना

रानी के पोखरा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सीमित जगह के चलते व्रती महिलाओं को हुई परेशानी, पुलिस रही मुस्तैद 

अमिटरेखा | कृष्णा यादव 

तमकुहीराज, कुशीनगर।  लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से संपन्न हो गया। चार दिवसीय इस महापर्व के अंतिम दिन छठ व्रती महिलाओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर संतान की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य, परिवार की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की।

छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की रात करीब दो बजे से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। इससे पहले रविवार की रात घरों में पारंपरिक रूप से कोसी पूजा (खोइछा भरी) का आयोजन किया गया। इस धार्मिक परंपरा में व्रती महिलाएं पूरी श्रद्धा, संयम और विधि-विधान के साथ छठी मैया की आराधना करती हैं। कोसी के चारों ओर दीप जलाकर परिवार के सदस्यों ने सुख-शांति, संतान की लंबी उम्र और परिवार की मंगलकामना के लिए आशीर्वाद मांगा।

सोमवार की भोर होते-होते रानी के पोखरा स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घाट पर श्रद्धालुओं का दबाव इतना अधिक था कि व्रती महिलाओं को अर्घ्य देने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इस बार उम्मीद से अधिक भीड़ पहुंचने के कारण घाट का स्थान कम पड़ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, एनएच-727बी सड़क निर्माण के दौरान छठ घाट तक पहुंचने वाली जमीन का कुछ हिस्सा सड़क में शामिल हो जाने से घाट पर उपलब्ध जगह सीमित हो गई है। इसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को सड़क पर खड़े होकर सूर्योदय का इंतजार करना पड़ा और व्रती महिलाओं को अर्घ्य देने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

साष्टांग दंडवत करते हुए छठ घाट पहुंचीं व्रती महिला, आस्था और समर्पण देख उमड़ी भीड़ 

लोक आस्था के महापर्व छठ पर भक्ति और समर्पण का अनोखा दृश्य देखने को मिला। सोमवार की सुबह एक व्रती महिला साष्टांग दंडवत करते हुए छठ घाट पहुंचीं और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महिला की कठिन व्रत यात्रा और अटूट आस्था को देखने के लिए घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई। महिला के त्याग, तपस्या और छठी मैया के प्रति समर्पण की लोगों ने सराहना की।

तालाब में सीमित स्थान और श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए कई परिवारों ने अपने घरों पर ही वैकल्पिक रूप से तालाबनुमा व्यवस्था तैयार की। परिवार के सदस्यों के साथ व्रती महिलाओं ने उसमें खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की पूजा-अर्चना की।

सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात दो बजे से ही महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। थानाध्यक्ष तमकुहीराज भी विभिन्न छठ घाटों का लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे।

श्रद्धा, विश्वास और पारंपरिक उल्लास के बीच तमकुहीराज क्षेत्र में छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन हो गया।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र