सड़क हादसे में युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
सड़क हादसे में युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
तरकुलवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंजरिया बाजार–तरकुलवा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार तरकुलवा थाना क्षेत्र के सकतुआ गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार (25) पुत्र हरिहर यादव अपने दोस्त रितिक यादव निवासी बरई पट्टी के साथ बाइक से किसी जरूरी काम से तरकुलवा गए थे। देर रात लौटते समय बंजरिया बाजार तरकुलवा मुख्य मार्ग पर मठिया गांव के सामने उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही साइकिल से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार धर्मेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं साइकिल सवार अशोक कुमार भी घायल हो गया।घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां धर्मेंद्र की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। बाद में वहां से भी हालत न सुधरने पर उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।मौत की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। मृतक दो भाइयों में छोटा था और कुछ दिन पूर्व ही विदेश से कमाकर घर लौटा था। पिता हरिहर यादव कृषि कार्य करते हैं। मां सावित्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।