पकहां गढ़ में योगाभ्यास के बाद अटल जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई
पकहां गढ़ में योगाभ्यास के बाद अटल जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई
मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व मे पथरदेवा मे मनी अटल जयंती
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
पथरदेवा विकासखंड क्षेत्र के पकहां गढ़ में गुरुवार को ग्राम प्रधान एवं प्रधान संघ अध्यक्ष मुरारी मोहन शाही के नेतृत्व में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों ने भगवान श्री चतुर्भुज महाराज मंदिर परिसर में प्रातःकाल एकत्र होकर योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लिया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासन कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।योग कार्यक्रम के उपरांत अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर मिष्ठान चढ़ाया गया। इसके साथ ही अटल जी की प्रसिद्ध कविताओं का पाठ किया गया, जिसे सुनकर उपस्थित लोग भावविभोर हो गए। कार्यक्रम में अटल जी के विचारों और व्यक्तित्व पर विस्तार से चर्चा की गई।प्रधान संघ अध्यक्ष मुरारी मोहन शाही ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल जी एक महान राष्ट्रवादी नेता, कुशल वक्ता, संवेदनशील कवि और दूरदर्शी प्रधानमंत्री थे। उन्होंने कहा कि अटल जी का पूरा जीवन देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए समर्पित रहा। पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और ग्राम सड़क योजना जैसे ऐतिहासिक निर्णय आज भी उनके दूरदर्शी नेतृत्व को दर्शाते हैं।उन्होंने युवाओं से अटल जी के आदर्शों को अपनाने, राष्ट्र सेवा और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, ग्रामीण एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इसी क्रम मे मंडल अध्यक्ष हरीश उर्फ जीपु शाही के नेतृत्व मे पथरदेवा बाजार मे भी अटल जयंती मनाई गयी।