पूर्णाहुति के साथ सम्पन्न हुआ 23वां सहस्त्र चंडी महायज्ञ, भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
पूर्णाहुति के साथ सम्पन्न हुआ 23वां सहस्त्र चंडी महायज्ञ, भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही रहे उपस्थित
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
क्षेत्र के देवरिया धूस कोयरपट्टी स्थित मां हिरमती भवानी मंदिर में आयोजित दस दिवसीय 23वें श्री सहस्त्र चंडी महायज्ञ का शनिवार को विधिवत पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। समापन अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
शनिवार दोपहर सुनील सांवरिया झांकी ग्रुप, पथरदेवा द्वारा आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति की गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झांकियों में विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का सजीव चित्रण किया गया, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे।
पूर्णाहुति के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाओं, कन्याओं एवं श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। यज्ञ के अंतिम दिवस पर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी उपस्थित रहे और उन्होंने आयोजन की सराहना की।
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन दिन में प्रख्यात प्रवचनकर्ता पंडित वीरेंद्र तिवारी द्वारा ओजस्वी वाणी में रामचरितमानस कथा का वाचन किया गया, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। वहीं रात्रि में रामलीला का मंचन किया जाता रहा, जिसे देखने के लिए क्षेत्र के विभिन्न गांवों से भारी संख्या में लोग पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया और महाप्रसाद वितरण के साथ महायज्ञ का विधिवत समापन किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत प्रत्याशी विनोद सिंह कुशवाहा, अध्यक्ष गुलाब सिंह, राजेंद्र सिंह, सुजीत प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान अजीत सिंह, अजय सिंह, हरेंद्र सिंह, दरोगा सिंह, जितेंद्र सिंह, प्रमोद चौबे, जय कुमार राव, बृजेश शुक्ला, कैलाश सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, रामाधार सिंह, मुन्ना शर्मा, प्रिंस सिंह, रामलाल सिंह, राजवंशी मल्ल, सोन भारती, राजेश यादव, राजन शर्मा, गुलशन सिंह, उपदेश यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।