चोरी की बाइक व 40 पाउच अवैध शराब के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट बरामद
चोरी की बाइक व 40 पाउच अवैध शराब के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट बरामद
अमिट रेखा / ब्यूरो देवरिया
जनपद के थाना खामपार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक अंतर्राज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, 40 पाउच अवैध देशी शराब तथा फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 अप्रैल 2026 को थाना खामपार पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम विरमापट्टी ईदगाह के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट (UP57Y3473) लगी थी, बरामद हुई। साथ ही एक प्लास्टिक के झोले में 40 पाउच अवैध देशी शराब (प्रत्येक 200 एमएल, कुल 8 लीटर) भी मिली।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बीगु गोड़ पुत्र हरिलाल गोड़ निवासी ग्राम इमिलिया, थाना भोरे, जिला गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना खामपार पर मु0अ0सं0 072/2026 के तहत धारा 317(2), 341(2) बीएनएस व 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष प्रदीप अस्थाना ने बताया कि अभियुक्त लंबे समय से अंतर्राज्यीय स्तर पर अवैध शराब की तस्करी में संलिप्त था और बिहार ले जाने की फिराक में था। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जयसिंह यादव, कांस्टेबल गोनेश कुशवाहा व कांस्टेबल दीपक कुमार शामिल रहे।