महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा शिव भक्तो का जनसैलाब

Feb 15, 2026 - 14:14
 0
महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा शिव भक्तो का जनसैलाब

महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा शिव भक्तो का जनसैलाब

दिनभर गूंजते रहे हर-हर महादेव के जयघोष

अमिट रेखा/ बघौचघाट/देवरिया 

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को पथरदेवा क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजने लगे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। भक्तजन गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल एवं दूध लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आए।

मेंदीपट्टी धाम स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, सखनी धाम का प्राचीन बाबा चंद्रनाथ मंदिर, पथरदेवा का मछैला शिव मंदिर, विशुनपुरा बाजार शिव मंदिर तथा पचरुखिया शिव मंदिर सहित अन्य देवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश एवं प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई थी।इस दौरान दिनभर शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा और पूरा क्षेत्र शिवमय बना रहा। इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालु महिलाओं में पूजन के उपरांत सेल्फी लेने की होड लगी रही।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बघौचघाट थानाध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी व थानाध्यक्ष तरकुलवा भूपेंद्र सिंह सहित पुलिस बल मुस्तैद रही। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश सिंह उर्फ क्रांति सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि रही। भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश शाही उर्फ जीपु शाही ने व्यवस्थाओं की सराहना की और सहयोग की अपील की। सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव व कुवर राय ने अनुशासित भीड़ और प्रशासनिक सतर्कता की प्रशंसा की। खबर लिखे जाने तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।