खरना के साथ छठ महापर्व की कठिन साधना शुरू, रानी के पोखरे पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
खरना के साथ छठ महापर्व की कठिन साधना शुरू, रानी के पोखरे पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
डॉ. उदय नारायण गुप्ता ने छठ व्रतियों को दीं हार्दिक शुभकामनाएं, घाट पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की उठी मांग
अमिटरेखा | कृष्णा यादव
तमकुहीराज, कुशीनगर। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना का व्रत रखकर छठ व्रतियों ने कठिन 36 घंटे के निर्जला उपवास की शुरुआत की। घरों में छठी मैया की पूजा-अर्चना और पारंपरिक प्रसाद तैयार करने का सिलसिला जारी रहा। इस पावन अवसर पर तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र स्थित एसएस महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. उदय नारायण गुप्ता ने समस्त छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में पवित्रता, समर्पण, आत्मसंयम और पारिवारिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने छठी मैया से सभी व्रतियों के व्रत की सफलतापूर्वक पूर्णता तथा क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
खरना के बाद शुरू होता है 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत
छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना की विशेष धार्मिक महत्ता है। व्रती दिनभर उपवास और पूजा की तैयारी करने के बाद संध्याकाल में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प शुरू होता है, जिसका समापन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ होता है। खरना को शुद्धता, तपस्या और आत्मसंयम का प्रतीक माना जाता है।
दुल्हन की तरह सजाए गए छठ घाट, श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारी
नगर पंचायत तमकुहीराज में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हैं। नगर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई, सजावट और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। 15 नवंबर की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
रानी के पोखरे पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बड़ी चुनौती
नगर के रानी के पोखरे पर स्थापित छठ घाट पर इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। एनएच-727बी तमकुहीराज-वाराणसी सर्विस रोड के किनारे स्थित इस छठ स्थल पर सड़क चौड़ीकरण के कारण उपलब्ध स्थान सीमित हो गया है। ऐसे में व्रतियों और श्रद्धालुओं के खड़े होने तथा आवागमन के लिए पर्याप्त जगह का अभाव दिखाई दे रहा है। कई स्थानों पर नाली और सड़क ही आवागमन का सहारा रह गई है।
छठ पूजा के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। ऐसे में सड़क पर वाहनों की आवाजाही और सवारी भरने वाले वाहनों के खड़े होने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। भीड़भाड़ के बीच दुर्घटना की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रशासन से विशेष यातायात प्लान और प्रकाश व्यवस्था की मांग
स्थानीय स्तर पर मांग उठ रही है कि छठ पूजा के दोनों प्रमुख अर्घ्य के समय रानी के पोखरे के आसपास विशेष यातायात योजना लागू की जाए। अनावश्यक वाहनों के प्रवेश और सड़क पर सवारी भरने वाले वाहनों के खड़े होने पर नियंत्रण लगाया जाए। पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो जाता है। सुबह और शाम के समय अंधेरा रहने तथा मौसम में ठंडक बढ़ने को देखते हुए पर्याप्त पथ प्रकाश की व्यवस्था भी जरूरी है। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।
छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोक आस्था और सामाजिक समरसता का अद्भुत उत्सव है। ऐसे में रानी के पोखरे पर आयोजित होने वाला छठ पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, इसके लिए नगर पंचायत और स्थानीय प्रशासन को समय रहते मुस्तैद होकर आवश्यक इंतजाम करने होंगे।