सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व है छठ महापर्व, नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का शुभारंभ
अधिवक्ता पं. मोहन तिवारी ने व्रतियों को दी शुभकामनाएं, सामाजिक एकता और स्वच्छता बनाए रखने की अपील
अमिट रेखा /कृष्णा यादव, तमकुहीराज/कुशीनगर।
लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ परंपरागत उल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में प्रारंभ हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के मठिया श्रीराम गांव निवासी अधिवक्ता एवं समाजसेवी पं. मोहन तिवारी ने छठ व्रतियों सहित समस्त क्षेत्रवासियों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक संस्कार, सामाजिक समरसता और प्रकृति के संरक्षण का भी सशक्त संदेश देता है। भगवान सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना के माध्यम से श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हैं।
पं. मोहन तिवारी ने कहा कि इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सादगी, पवित्रता, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता है। छठ पूजा समाज के प्रत्येक वर्ग को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पूजा के दौरान घाटों और जलाशयों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री के उपयोग से बचें।
उन्होंने बताया कि चार दिवसीय छठ अनुष्ठान के प्रथम दिन नहाय-खाय के साथ व्रती सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेते हैं। दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना, तीसरे दिन 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य तथा चौथे दिन 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रत का पारण किया जाएगा।
उन्होंने अंत में कामना की कि छठी मइया की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता बनी रहे तथा यह महापर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को और मजबूत करे।