सलेमपुर में स्वर्णकार व्यवसायी की दुकान पर लूट का प्रयास
सलेमपुर में स्वर्णकार व्यवसायी की दुकान पर लूट का प्रयास
स्वर्णकार संघ ने दर्ज कराई एफआईआर, त्वरित कार्रवाई की मांग
अमित रेखा/अंकित वर्मा/ देवरिया
सलेमपुर नगर में स्वर्णकार व्यवसायी की दुकान पर लूट के प्रयास की घटना से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया है। गुरुवार 19 फरवरी 2026 को सलेमपुर नगर स्थित स्वर्णकार व्यवसायी विशाल वर्मा की दुकान पर कुछ अज्ञात बदमाशों द्वारा लूटपाट का प्रयास किया गया। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो गया।
घटना के विरोध में शुक्रवार को स्वर्णकार व्यवसायी संघ देवरिया एवं सलेमपुर के व्यापारी एकजुट होकर थाना कोतवाली सलेमपुर पहुंचे और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटना में शामिल अपराधियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
स्वर्णकार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सलेमपुर जैसे व्यस्त बाजार क्षेत्र में इस तरह की घटना बेहद गंभीर है और इससे व्यापारियों में दहशत का माहौल है। उन्होंने पुलिस से बाजार क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
पुलिस ने व्यापारियों को आश्वस्त किया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।