महाशिवरात्रि पर मंदिरों में तैयारियां पूरी, एडिशनल एसपी ने किया निरीक्षण
महाशिवरात्रि पर मंदिरों में तैयारियां पूरी, एडिशनल एसपी ने किया निरीक्षण
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
पथरदेवा क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शिव मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को एडिशनल एसपी आनंद कुमार पांडेय ने बघौचघाट थाना क्षेत्र के मेदीपट्टी स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं की भीड़ और मेले से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली।
क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और आकर्षक सजावट का कार्य अंतिम चरण में पूरा कर लिया गया है। भक्तों और समाजसेवियों ने मंदिर परिसरों को स्वच्छ बनाते हुए इलेक्ट्रिक झालरों, फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य स्वरूप प्रदान किया है। मेंदीपट्टी धाम स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, सखनी धाम का प्राचीन बाबा चंद्रनाथ मंदिर, पथरदेवा के मछैला स्थित शिव मंदिर, विशुनपुरा बाजार शिव मंदिर और पचरुखिया शिव मंदिर सहित अन्य देवालयों में व्यापक तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मेंदीपट्टी धाम मंदिर अध्यक्ष सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव तथा नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश उर्फ क्रांति सिंह ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर महाप्रसाद वितरण और मेले का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय लोगों का सहयोग आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है।
उधर, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बघौचघाट थानाध्यक्ष अनिल तिवारी और तरकुलवा थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रमुख मंदिरों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकें। आयोजकों के अनुसार इस वर्ष भी पूर्व की भांति भव्य आयोजन की तैयारी की गई है।