पूर्व मंत्री ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी का बड़ा आरोप—पथरदेवा में लोकतंत्र से खुला खिलवाड़

Feb 7, 2026 - 17:15
 0
पूर्व मंत्री ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी का बड़ा आरोप—पथरदेवा में लोकतंत्र से खुला खिलवाड़

पूर्व मंत्री ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी का बड़ा आरोप—पथरदेवा में लोकतंत्र से खुला खिलवाड़

अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया

विधानसभा पथरदेवा क्षेत्र के ग्रामसभा पकड़ियार में मतदाता सूची से नाम कटवाने को लेकर सनसनीखेज आरोप सामने आए हैं। समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया है कि बूथ संख्या 362 पकड़ियार और 363 मौडिहा पर एक पार्टी समर्थित लोगों द्वारा एक विशेष समुदाय के मतदाताओं के नाम हटाने की नीयत से प्रारूप–7 के कथित फर्जी आवेदन भरवाए गए। आरोप के अनुसार एक बूथ पर 49 और दूसरे बूथ पर 62 मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास किया गया।

सपा का आरोप है कि सभी आवेदनों पर एक ही व्यक्ति के हस्ताक्षर पाए गए और बीएलओ पर दबाव बनाकर समाजवादी पार्टी समर्थक मतदाताओं में भय और दहशत का माहौल पैदा किया गया। जैसे ही यह जानकारी फैली, दोनों बूथों पर लोगों का जमावड़ा लग गया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में दफ्तियां लेकर नारेबाजी की— “लोकतंत्र की हत्या बंद करो, जिंदा लोगों का नाम मत काटो।”

सूचना मिलने पर समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी के निर्देश पर पार्टी की एक टीम मौके पर पहुंची, जिसमें पूर्व प्रमुख संजय कुमार मल्ल, विधानसभा उपाध्यक्ष राकेश राय, सेक्टर प्रभारी अब्दुल रब्ब मास्टर सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में एक पार्टी के इशारे पर सुनियोजित तरीके से फॉर्म–7 भरवाए जा रहे हैं, ताकि समाजवादी पार्टी के मतदाताओं को मताधिकार से वंचित किया जा सके। उन्होंने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन पर भी पक्षपात का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि यह सिलसिला नहीं रुका तो वे मामले को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे।

वहीं इस संबंध में एईआरओ अवधेश निगम ने सफाई देते हुए कहा कि फॉर्म–7 प्राप्त होने के बाद बीएलओ द्वारा स्थलीय जांच की जाती है और पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष है। किसी भी पात्र मतदाता का नाम किसी भी सूरत में नहीं काटा जाएगा।