बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं जिला अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न

Dec 24, 2025 - 21:44
 0
बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं जिला अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न

बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं जिला अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक सम्पन्न

डीएम ने डीबीटी, आरटीई, कस्तूरबा विद्यालय व निर्माणाधीन विद्यालयों की प्रगति पर दिए सख्त निर्देश

अमिट रेखा /प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर 

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तनबर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों एवं जिला अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान निपुण भारत अभियान, विद्यालय निरीक्षण, ऑपरेशन कायाकल्प, आधार सीडिंग, आरटीई, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मध्यान्ह भोजन योजना सहित निर्माणाधीन माध्यमिक विद्यालयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि 7570 छात्र-छात्राओं के खातों में तकनीकी गड़बड़ी के कारण डीबीटी के माध्यम से धनराशि हस्तांतरित नहीं हो पाई है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित बैंकर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
आरटीई योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अभी से गंभीरता के साथ कार्य प्रारंभ किया जाए तथा सभी निजी विद्यालयों में पात्र बच्चों का नामांकन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन कारणों से आरटीई के आवेदन निरस्त किए जाते हैं, उनकी पूर्ण जानकारी मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जाए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने प्रत्येक विद्यालय में एक पुरुष एवं एक महिला होमगार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने, सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति पंजिका में समय-समय पर प्रविष्टि करने तथा बैठकों में पंजिका प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत प्रोजेक्ट अलंकार की विधिवत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधकों के साथ अलग से बैठक आयोजित कराने तथा निर्माणाधीन विद्यालयों की स्थिति, खेल मैदान, बाउंड्रीवाल एवं भूमि की उपलब्धता के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा अब तक 193 पंजीकरण कराए जाने की जानकारी दी गई। इस संबंध में जिलाधिकारी ने बैंकर्स से भी वार्ता कर प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एलडीएम द्वारा नेतृत्व में कमी एवं योजनाओं की खराब प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए बैंकर्स को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि योजनावार उपलब्धियों एवं बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों की बुकलेट तैयार कर प्रस्तुत की जाए तथा बैंकर्स की अलग से समीक्षा बैठक आयोजित की जाए।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राम जियावन मौर्य, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय सहित समस्त संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।