गाजीपुर इंटरमीडिएट कॉलेज के संस्थापक दल्लू प्रसाद यादव को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

Nov 12, 2026 - 18:25
Nov 12, 2026 - 18:28
 0
गाजीपुर इंटरमीडिएट कॉलेज के संस्थापक दल्लू प्रसाद यादव को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू समेत कई गणमान्य लोगों ने व्यक्त किए विचार, संस्थापक के योगदान को किया याद  

अमिटरेखा | कृष्णा यादव  

तमकुही राज/ कुशीनगर। गाजीपुर इंटरमीडिएट कॉलेज के संस्थापक एवं दिवंगत प्रधानाचार्य दल्लू प्रसाद यादव की स्मृति में गुरुवार को विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सरवन यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

                     पुष्पांजलि अर्पित करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता मधुर श्याम राय

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू ने दल्लू प्रसाद यादव के संघर्षपूर्ण जीवन और शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को याद किया। उन्होंने विद्यालय की स्थापना से लेकर उसे व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने तक के सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका योगदान क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार के लिए सदैव याद किया जाएगा।

समाजवादी पार्टी के नेता मधुर श्याम राय ने कहा कि दल्लू प्रसाद यादव सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यक्तित्व और स्पष्ट विचारों के धनी थे। वे अपने संबोधन में अक्सर मार्क्स और लेनिन के जीवन प्रसंगों तथा उनके विचारों का उल्लेख करते थे। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का महत्वपूर्ण माध्यम मानते हुए अपना जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित किया। विद्यालय की स्थापना के प्रति उनका लगाव इस बात से भी झलकता है कि जीवन के अंतिम समय में भी उन्होंने विद्यालय की धरती को नमन किया और उनकी अंतिम यात्रा यहीं आकर संपन्न हुई।

विद्यालय के प्रबंधक कामरेड एडवोकेट रामेश्वर गुप्ता ने संस्थापक के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दल्लू प्रसाद यादव मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े रहने के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में अपनी रुचि और प्रतिबद्धता को समाजसेवा का माध्यम बनाते रहे। उन्होंने सीमित संसाधनों के बीच विद्यालय की स्थापना कर उसे एक शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया। उनका जीवन सादगी, संघर्ष और समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हम सभी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। विद्यालय की उपलब्धियों और विद्यार्थियों की सफलता के माध्यम से ही संस्थापक को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।

अध्यक्षता कर रहे प्रधानाचार्य सरवन यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने संस्थापक के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके शैक्षिक योगदान को नमन किया।

श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, प्रबंधक, प्रधानाचार्य सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र